प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह झारसुगुड़ा से कई बड़ी रेलवे, शिक्षा और स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे।यह ट्रेन ओडिशा के ब्रह्मपुर से गुजरात के सूरत जिले के उधना तक चलेगी। मोदी 1700 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री झारसुगुड़ा में नमो युवा समागम कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम वीर सुरेंद्र साईं हवाई अड्डे के पास अमलीपाली मैदान में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 11:25 बजे शुरू होगा और प्रधानमंत्री दोपहर 12:45 बजे ओडिशा से रवाना होंगे। 15 महीनों में प्रधानमंत्री का यह छठा ओडिशा दौरा है। इससे पहले उनके पाँच दौरे केवल भुवनेश्वर तक ही सीमित थे।
प्रधानमंत्री मोदी इन परियोजनाओं का भी करेंगे उद्घाटन…
- रेलवे क्षेत्र में, प्रधानमंत्री मोदी 34 किलोमीटर लंबी कोरापुट-बैगुडा और 82 किलोमीटर लंबी मनाबर-कोरापुट-गोरपुर रेल दोहरीकरण लाइन का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं पर लगभग 1400 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
- संबलपुर शहर में, प्रधानमंत्री मोदी 273 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 5 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। इससे खनिजों के परिवहन में सुविधा होगी और दक्षिण ओडिशा के उद्योगों और लोगों को रोजगार और विकास के नए अवसर मिलेंगे।
- मोदी ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और संबलपुर स्थित वीआईएमएसएआर को सुपर-स्पेशलिटी का दर्जा देंगे। वह आठ आईआईटी के विस्तार की भी घोषणा करेंगे।
- प्रधानमंत्री एक राष्ट्रीय कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और अंत्योदय योजना के तहत 50,000 लाभार्थियों को सहायता भी प्रदान करेंगे।
- दूरसंचार क्षेत्र में, प्रधानमंत्री मोदी बीएसएनएल के स्वदेशी 4जी स्टैक का शुभारंभ करेंगे। यह तकनीक पूरी तरह से भारत में निर्मित है, क्लाउड पर चलती है और इसे आसानी से 5जी में परिवर्तित किया जा सकता है। इसके साथ ही, भारत उन गिने-चुने देशों में शामिल हो जाएगा जो अपने दूरसंचार उपकरण खुद बनाते हैं।
- मौसम विभाग ने झारसुगुड़ा समेत 9 जिलों में बारिश, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी है, लेकिन राज्य सरकार ने कार्यक्रम और सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, कई मंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक भी कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे।
