बिहार में एनडीए की लहर से बेचैन हो गए हैं लालू प्रसाद यादव : उमेश कुशवाहा

3 Min Read

बिहार में एनडीए की लहर से बेचैन हो गए हैं लालू प्रसाद यादव : उमेश कुशवाहा

पटना, 14 सितंबर(आईएएनएस)। बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी ने जोर पकड़ लिया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर बिहार की ‘डबल इंजन’ सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।

पूर्व सीएम ने पोस्ट में लिखा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और इसे बदलने की जरूरत है। लालू ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में न केवल सरकार बदलेगी, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी हटाया जाएगा।

इस पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कुशवाहा ने लालू के बयान को खारिज करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राजद पर पलटवार करते हुए लालू परिवार पर भ्रष्टाचार के पुराने आरोपों का जिक्र किया और कहा कि लालू जैसे लोग खुद भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं, इसलिए उन्हें इस मुद्दे पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

पटना में आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव बताएं कि वे किस मामले में जेल से बेल पर हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार की लहर है और इसी से लालू यादव बेचैन हो गए हैं।

जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने लालू प्रसाद यादव के बिहार की ‘डबल इंजन’ सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों को ‘मजाक’ करार देते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू को भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि उनके कार्यकाल में बिहार में ‘जंगल राज’ था और वह स्वयं भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपित हैं।

नीरज कुमार ने तंज कसते हुए सुझाव दिया कि लालू को सोशल मीडिया पोस्ट करने के बजाय अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया मणिपुर दौरे का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह दौरा राज्य में अमन, चैन और शांति की बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

भारत-पाकिस्तान के बीच एशिया कप मैच को लेकर विपक्षी नेताओं की आलोचना पर उन्होंने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमारी सेना ने शौर्य की गाथा लिखी, खेल को खेल की भावना से देखना चाहिए।

–आईएएनएस

डीकेएम/एएस

Share This Article