बिहार में आज सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मतदाता अधिकार यात्रा का आखिरी दिन था। समापन रैली में कई विपक्षी नेता शामिल हुए। यह यात्रा 17 अगस्त को बिहार में एसआईआर (वोटर लिस्ट रिवीजन) और वोट चोरी के खिलाफ शुरू हुई थी। यह यात्रा सासाराम से शुरू हुई थी। यह यात्रा बिहार के लगभग 25 जिलों से होते हुए 1300 किलोमीटर की दूरी तय कर अब पटना में समाप्त हो रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ये दोनों रैलियाँ हुईं। यात्रा के समापन पर राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने कहा, “यह बिहार की धरती है और बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है। भाजपा के लोग चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र की जननी से लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। इन भाजपाइयों का दिमाग घुट रहा है। मोदी जी गुजरात में कारखाने लगाना चाहते हैं और गुजरात में जीत चाहते हैं।”
नीतीश कुमार पर निशाना
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा, हमारे मुख्यमंत्री इतनी बार अपना मन बदल चुके हैं कि उनका दिमाग़ ही चकरा गया है। अब वे कोमा में चले गए हैं। बिहार में डबल इंजन की सरकार चल रही है। इसमें एक इंजन अपराध में लगा है और दूसरा भ्रष्टाचार में। कई लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और आप लोगों को अपने वोट बचाने हैं। बड़ी चालाकी से फ़र्ज़ी वोट जोड़े जा रहे हैं।
“बिहार को एक असली मुख्यमंत्री चाहिए”
राजद नेता ने कहा, बिहार में अपराध बढ़ गया है। हमें इस सरकार को उखाड़ फेंकना है। नीतीश जी नैतिक भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बन गए हैं। यह नकलची सरकार वही कर रही है जो हमने कहा है। जब हमने कहा कि हम पेंशन बढ़ाएँगे, तो सरकार ने कहा कि हम पेंशन बढ़ाएँगे। जब हमने कहा कि हम मुफ़्त बिजली देंगे, तो इस सरकार ने कहा कि हम भी मुफ़्त बिजली देंगे। भाजपा हमारी नकल तो कर सकती है, लेकिन विज़न नहीं ला सकती। उन्होंने यह भी कहा, अब बिहार को एक असली मुख्यमंत्री चाहिए, डुप्लीकेट नहीं। उन्होंने आगे कहा, लालू जी आज तक कभी नहीं झुके और तेजस्वी भी नहीं झुकेंगे। मोदी जी झूठ की फैक्ट्री हैं।
