असम राइफल्स की बड़ी कार्रवाई, कछार में 60 लाख रुपए की हेरोइन बरामद

2 Min Read

असम राइफल्स की बड़ी कार्रवाई, कछार में 60 लाख रुपए की हेरोइन बरामद

कछार, 4 फरवरी (आईएएनएस)। असम के कछार जिले से नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। असम राइफल्स ने कछार जिला पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन में हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है। बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह संयुक्त ऑपरेशन 2 फरवरी को अंजाम दिया गया। असम राइफल्स और कछार जिला पुलिस को ड्रग तस्करी से जुड़ी कुछ खास और भरोसेमंद खुफिया जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर दोनों एजेंसियों ने मिलकर एक सुनियोजित योजना बनाई और इलाके में निगरानी शुरू की।

ऑपरेशन जिरिघाट बाजार के पास नंदनकानन पुल के आसपास के क्षेत्र में चलाया गया, जो जालिउरा से करीब 8 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और तलाशी अभियान चलाया।

इसी दौरान टीम को 10 संदिग्ध बक्से मिले, जब इन बक्सों की जांच की गई, तो उनके अंदर से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। कुल 116.2 ग्राम हेरोइन छिपाकर रखी गई थी, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था।

असम राइफल्स की ओर से कहा गया है कि यह ऑपरेशन नशीले पदार्थों के खिलाफ उनकी लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा है। बल ने साफ किया है कि वह क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ड्रग तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

–आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share This Article