दिल्ली-एनसीआर में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 2 सितंबर के लिए भी अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, मंगलवार को कई राज्यों में भारी बारिश और तूफान आ सकता है। आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, ओडिशा और छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में मध्यम बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कुछ राज्यों में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 2 सितंबर को देश के 20 से ज़्यादा राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इससे भूस्खलन और बादल फटने का खतरा बना हुआ है। वहीं, आईएमडी ने भारी बारिश को देखते हुए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला पूरे महीने जारी रहेगा। देश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। भारी बारिश से कई राज्यों में बाढ़ भी आ सकती है।
नोएडा-गाजियाबाद समेत पूरे उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मेरठ और बिजनौर में मूसलाधार बारिश की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, सुल्तानपुर, अमेठी और प्रयागराज में अच्छी बारिश होगी। इसके अलावा, मौसम विभाग ने फर्रुखाबाद, बदायूं, रामपुर, खीरी, बहराइच, बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 2 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। दिन में एक-दो जगहों पर बारिश हो सकती है। 2 और 3 सितंबर को भी यही स्थिति रहेगी, जबकि राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 4, 5, 6 और 7 सितंबर को हल्की बारिश हो सकती है। 3 सितंबर को गरज के साथ बारिश का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञानी डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहेगी। खासकर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 4 और 5 सितंबर को गुजरात में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में जम्मू, मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर 7-11 सेमी भारी बारिश दर्ज की गई है।
