कर्नाटक के दावणगेरे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सामाजिक रिश्तों और भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां दो बच्चों की मां अपने प्रेमी के लिए पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगी, लेकिन जैसे ही प्रेमी को सरकारी नौकरी मिली, उसके तेवर पूरी तरह बदल गए। महिला ने अब प्रेमी पर धोखाधड़ी, गहने और पैसे हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
कैसे शुरू हुआ प्रेम प्रसंग?
जानकारी के अनुसार, हरपनहल्ली की रहने वाली महिला की मुलाकात तीन साल पहले हुबली जिले के रहने वाले नवीन से हुई थी। उस समय नवीन दावणगेरे में एक पेपर वैन चलाता था। जान-पहचान बढ़ने के बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और संबंध प्रेम प्रसंग में बदल गया। महिला पहले से विवाहित थी और उसके दो बच्चे भी थे। इसके बावजूद उसने अपने पति को छोड़ दिया और बच्चों के साथ नवीन के पास आकर रहने लगी।
महिला ने नवीन पर पूरा भरोसा जताते हुए पति से तलाक की अर्जी भी डाल दी।
नौकरी के बाद बदला रवैया
इस बीच नवीन को केएसआरटीसी (KSRTC) में नौकरी मिल गई। सरकारी नौकरी मिलते ही उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। महिला का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद नवीन के तेवर पूरी तरह बदल गए और वह उससे लगातार झगड़ने लगा।बुधवार को दोनों के बीच दावणगेरे शहर के शामनूर रोड स्थित टैंक पार्क में जमकर विवाद हुआ। इस दौरान लोगों की भीड़ जुट गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
गहने और पैसे हड़पने का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला ने दावणगेरे बरंगे थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि नवीन ने उसके गहने और पैसे हड़प लिए और अब उसे धोखा देकर किनारा करने की कोशिश कर रहा है। महिला का कहना है कि उसने परिवार और समाज की परवाह किए बिना नवीन के साथ जीवन बिताने का फैसला किया था, लेकिन अब वह उसे अकेला छोड़ना चाहता है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले आई। पूछताछ के दौरान महिला ने विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि जब नवीन को थाने लाया गया, वह नशे में था। इसलिए उससे बाद में पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समाज में चर्चा का विषय
यह घटना इलाके में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। एक ओर महिला ने अपने परिवार को तोड़कर प्रेमी पर भरोसा किया, वहीं दूसरी ओर नौकरी मिलने के बाद प्रेमी का बदला रवैया सामाजिक रिश्तों और जिम्मेदारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
