आगरा पुलिस इन दिनों एक सनसनीखेज मामले की जांच में जुटी है। मामला थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के महल बादशाही का है, जहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों शव को बाजरे के खेत में फेंककर फरार हो गए। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने बहू बबली और उसके प्रेमी प्रेम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
जेल से शुरू हुई प्रेम कहानी
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उसके अनुसार आरोपी महिला बबली पहले ही हत्या के मामले में जेल की सजा काट चुकी है। करीब सवा पांच साल पहले उसने अपने ही पति हरिओम की हत्या कर दी थी। उस मामले में उसे जेल भेजा गया, जहां उसकी मुलाकात प्रेम सिंह नामक कैदी से हुई। जेल में ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध शुरू हो गए।
बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह ने ही बाद में बबली की जमानत करवाई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने महल बादशाही क्षेत्र में साथ रहना शुरू कर दिया। यह रिश्ता परिवार के बुजुर्ग राजवीर को नागवार गुजरा। मृतक राजवीर अपने बेटे की हत्या के बाद बहू की हरकतों से नाखुश थे और प्रेमी संग उसके रहने का लगातार विरोध करते थे।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
हत्या की साजिश और वारदात
सास मुन्नी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बहू बबली और प्रेम सिंह लंबे समय से राजवीर को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। बुधवार रात बबली ने ससुर राजवीर को किसी बहाने से अपने साथ महल बादशाही ले गई। वहां पहले से मौजूद प्रेम सिंह के साथ मिलकर दोनों ने उनका गला घोंट दिया। इसके बाद शव को पास के बाजरे के खेत में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया और घटनास्थल का निरीक्षण एसीपी अमरदीप ने भी किया। थानाध्यक्ष बमरौली कटारा हरीश शर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर बबली और प्रेम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
सवा पांच साल रही जेल में
सास मुन्नी देवी का कहना है कि उनकी बहू बबली पहले ही अपने पति हरिओम की हत्या कर चुकी है, जिसके चलते वह सवा पांच साल जेल में रही। वहीं जेल में ही उसने प्रेम सिंह से नजदीकियां बढ़ाईं। रिहा होने के बाद वह पिछले एक साल से प्रेम सिंह के साथ रह रही थी। मृतक राजवीर इस रिश्ते का विरोध करते थे, जिस कारण बहू और उसके प्रेमी ने मिलकर साजिश रची और उनकी हत्या कर दी।
इलाके में दहशत
इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक राजवीर एक सीधे-साधे इंसान थे। परिवार में आए विवाद और बहू की करतूतों का खामियाजा उन्हें अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
