रावण वध के बाद छेड़खानी के आरोपी की हत्या, हमलावर ने चाकू से किए ताबड़तोड़ प्रहार

3 Min Read

बरेली के बिथरी थाना क्षेत्र के रजऊ परसापुर गांव में बुधवार रात रामलीला कार्यक्रम के दौरान रावण वध के बाद छेड़छाड़ के आरोपी युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना बरेली-सीतापुर हाईवे पर पुलिस बैरियर के पास हुई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली छात्रा के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।

गांव वालों ने बताया कि रजऊ निवासी अभिषेक यादव (22) बुधवार रात 8 बजे अपने दोस्तों के साथ हाईवे बाजार में रामलीला कार्यक्रम देखने गया था। रात 9:15 बजे रावण वध समारोह खत्म होने के बाद कलाकारों ने दूसरे प्रदर्शन शुरू कर दिए। इसके बाद मेले में मौजूद लड़के इधर-उधर घूमने लगे। इसी बीच पुलिस ट्रैफिक बैरियर के पास किसी ने अभिषेक के पेट और सीने में कई बार चाकू घोंप दिया, जिससे वह घायल हो गया।

एसपी नॉर्थ ने घटनास्थल का मुआयना किया।

अभिषेक चीखते हुए गिर पड़ा। उसके दोस्त मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी भाग गए। पुलिस की मदद से उसके पिता और परिवार वाले तुरंत अभिषेक को जिला अस्पताल ले गए। अभिषेक की मौत रात 11:30 बजे हुई। SP उत्तर मुकेश मिश्रा ने घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक के पिता राम किशन फौजी ने आरोप लगाया कि पिछले साल अभिषेक के खिलाफ शिकायत करने वाली लड़की के पिता ने ही उनके बेटे की हत्या की है।

SP उत्तर मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि रामलीला मेले से थोड़ी दूरी पर अभिषेक यादव नाम के युवक पर हमला हुआ। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। माना जा रहा है कि यह घटना गांव की रंजिश से जुड़ी है। अभिषेक के पिता की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संदिग्ध आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

पीड़ित के पिता थाने में हिरासत में
रजऊ गांव में अभिषेक यादव की हत्या के बाद पुलिस ने छात्र के पिता के घर पर छापेमारी की। उसने खुद को बेगुनाह बताया, लेकिन उसका क्रिमिनल इतिहास जानने के बाद पुलिस ने उसे थाने में हिरासत में ले लिया। घटना की जांच कुछ समय पहले मेले में लड़कों के बीच हुई लड़ाई से जोड़कर भी की जा रही है।

Share This Article