अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा से लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। इस मुलाकात में पीएम मोदी ने उनसे तमाम मुद्दों पर बातचीत की। शुभांशु शुक्ला ने पीएम मोदी और देश के साथ खुलकर अपने अनुभव साझा किए। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं। शुभांशु शुक्ला 25 जून 2025 को एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष गए थे। वह 18 दिनों तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर रहे और 15 जुलाई को वापस लौटे।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
क्या आपने अपना होमवर्क किया?
पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला से पूछा कि मैंने आपको कुछ होमवर्क दिया था, उसकी क्या प्रगति है। जवाब में शुभांशु शुक्ला ने कहा कि होमवर्क पर काफी अच्छा काम हुआ है। हंसते हुए शुभांशु शुक्ला ने कहा कि लोग मेरे सामने भी शेखी बघार रहे थे कि आपके प्रधानमंत्री ने आपको होमवर्क दिया है। उन्होंने कहा कि यह मिशन तो बस एक शुरुआत है। इस पहले कदम का मुख्य उद्देश्य यह देखना था कि हम भविष्य के लिए कितना कुछ लेकर आते हैं। इस बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पास 40-50 अंतरिक्ष यात्रियों की एक टीम होनी चाहिए जो हमेशा तैयार रहे।
आपका अनुभव हमारे बहुत काम आएगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला से कहा कि स्पेस स्टेशन और गगनयान हमारे दो मिशन हैं। इसमें आपका अनुभव हमारे बहुत काम आएगा। शुभांशु शुक्ला ने कहा कि यह हमारे लिए एक बेहतरीन अवसर है। आपकी सरकार जिस तरह तमाम असफलताओं के बावजूद लगातार बजट दे रही है, उसे पूरी दुनिया देख रही है। हम इस क्षेत्र में अग्रणी हो सकते हैं। पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला से बातचीत के दौरान भारत के आत्मनिर्भर बनने पर भी ज़ोर दिया। शुक्ला ने कहा, “लोग भारत के गगनयान मिशन को लेकर बहुत उत्साहित हैं। मेरे कई मिशन सहयोगी (एक्सिओम-4 मिशन के) इस लॉन्च के बारे में जानना चाहते थे।” उन्होंने कहा, “मेरे कई मिशन सहयोगियों ने मुझसे वादा भी लिया कि उन्हें गगनयान मिशन के प्रक्षेपण के लिए आमंत्रित किया जाएगा। वे हमारे अंतरिक्ष यान में यात्रा करना चाहते थे।” साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए 40-50 अंतरिक्ष यात्रियों का एक समूह तैयार करना ज़रूरी है। अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं का ज़िक्र करते हुए मोदी ने कहा, “मैंने कहा था कि आपका मिशन पहला कदम है।” मोदी ने शुक्ला से कहा कि आईएसएस के लिए उनका मिशन भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं में मददगार साबित होगा।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर शेयर की तस्वीरें
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘X’ पर शुभांशु शुक्ला के साथ अपनी मुलाक़ात की तस्वीरें भी शेयर की हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “शुभांशु शुक्ला के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने अंतरिक्ष में उनके अनुभवों, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति और भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन सहित कई विषयों पर चर्चा की।” भारत को उनकी उपलब्धि पर गर्व है।” इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष में जाने वाले भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभ्रांशु शुक्ला से बात की थी। पीएम मोदी ने शुभ्रांशु शुक्ला से कहा था कि आप भारतभूमि से दूर हैं, लेकिन भारतीयों के दिल के सबसे करीब हैं। आपके नाम में शुभता है और आपकी यात्रा एक नए युग की शुभ शुरुआत भी है। जब हम दोनों बात कर रहे हैं, तो 140 करोड़ भारतीयों की भावनाएं भी मेरे साथ हैं। मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है।
