पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के किला अब्दुल्ला जिले में रविवार शाम हुए भीषण विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 11 घायल हो गए। यह विस्फोट गुलिस्तान इलाके में अब्दुल जब्बार मार्केट के पास हुआ। किला अब्दुल्ला के उपायुक्त रियाज खान ने कहा, “प्रारंभिक जांच के अनुसार, विस्फोटक सामग्री एक वाहन में रखी गई थी। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा बलों को मौके पर बुलाया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।” रियाज खान ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद जिला स्वास्थ्य मुख्यालय में आपातकाल घोषित कर दिया गया है, जहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार, लेवी फोर्स के रिसालदार गुलाब खान ने बताया कि “विस्फोट के बाद, आसपास मौजूद लेवी कर्मियों और नागरिकों ने घायलों को बचाया और उन्हें तुरंत इलाज के लिए जिला स्वास्थ्य मुख्यालय चमन भेजा गया।” घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं और अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने हमले की कड़ी निंदा की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “आतंकवाद के खिलाफ युद्ध वास्तव में राष्ट्रीय सुरक्षा का युद्ध है। जब तक अंतिम आतंकवादी का खात्मा नहीं हो जाता, यह युद्ध जारी रहेगा।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि “गुलिस्तान विस्फोट में शामिल तत्वों का शीघ्र ही सफाया कर दिया जाएगा।” बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने भी एक अलग बयान में कहा कि “सुरक्षा बल मौके पर हैं, इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। राज्य जनता की सुरक्षा के लिए सभी संभव संसाधनों का उपयोग कर रहा है।”
बलूचिस्तान की सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। लंबे समय से चल रहे उग्रवाद के तहत सक्रिय आतंकवादी अब पहले से कहीं अधिक घातक और सटीक हमले कर रहे हैं। प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने विशेष रूप से अब सुरक्षा बलों को सीधे निशाना बनाने सहित नई रणनीति अपनाई है।
मार्च में, इसी प्रांत के सिबी क्षेत्र में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन का अपहरण कर लिया गया था, जिसमें 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 26 बंधकों की मौत हो गई थी। इस ऑपरेशन के दौरान पांच और सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के खुजदार जिले में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) मार्ग पर स्थित एक चौकी पर आतंकवादियों के हमले में चार सैनिक मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नकाबपोश बंदूकधारियों ने शनिवार शाम जिले के नाल इलाके में एक जांच चौकी पर हमला किया और मौके से फरार हो गए। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि यह हमला बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) द्वारा किया गया है।
