भावनपुर में राली चौहान-गेसूपुर संपर्क मार्ग पर काली नदी के किनारे पेंटर का खून से लथपथ शव मिला। गोली सिर के पीछे माथे पर लगी थी। पैरों के पास तमंचा पड़ा मिला। शव से 50 मीटर दूर प्रेमिका की स्कूटी खड़ी थी। पेंटर ने गुरुवार को प्रेमिका से यह स्कूटी छीनी थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए गढ़ रोड पर जाम लगा दिया। प्रेमिका, उसके भाई-बहन व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। चारों को हिरासत में लेकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया। यह है पूरा मामला मेडिकल थाना क्षेत्र के सराय काजी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के सेक्टर 4 में संजय सैनी का परिवार रहता है। संजय के बेटे तुषार सैनी का पड़ोस में रहने वाले राजू कश्यप की बेटी काजल से प्रेम हो गया। वर्ष 2023 में दोनों घर से भाग गए थे। उसके बाद एक सप्ताह बाद दोनों को बरामद कर तुषार को जेल भेज दिया गया था। उनके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
पुलिस ने उक्त मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। गुरुवार को उक्त मामले की तारीख पर तुषार कोर्ट गया था। उसके बाद तुषार की मुलाकात काजल से शाप्रिक्स मॉल में हुई। उसने काजल को अपने साथ ले जाने की जिद की। काजल ने यूपी-112 और परिजनों को फोन पर सूचना दी। उसके बाद तुषार काजल की स्कूटी लेकर चला गया। इसी बीच काजल के परिजनों ने तुषार के पिता संजय और मां बबीता सैनी के साथ मारपीट की। मेडिकल थाने में मामला दर्ज किया गया था। शुक्रवार सुबह 23 वर्षीय तुषार सैनी का शव भावनपुर थाना क्षेत्र के राली चौहान-गेसूपुर संपर्क मार्ग के पास काली नदी के किनारे मिला। माथे में गोली लगने के बाद गोली सिर के पिछले हिस्से से निकल गई। उसके पैरों के पास तमंचा पड़ा था। स्कूटी सड़क किनारे खड़ी थी। फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त कर मोर्चरी भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। बाद में तुषार के परिजनों के साथ सराय काजी से बड़ी संख्या में लोग मोर्चरी पहुंच गए। उन्होंने मोर्चरी के सामने गढ़ रोड पर करीब ढाई घंटे तक जाम लगा दिया। सिविल लाइंस, कोतवाली सर्किल और एसपी सिटी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। तुषार के परिजनों का आरोप है कि काजल और उसकी बहन कंचन, भाई अंकित और दोस्त मोनू ने मिलकर हत्या की है। प्रदर्शनकारियों की मांग पर पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। सभी नामजद आरोपियों और काजल के पिता राजू और मां बबीता कश्यप को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। इसके बाद ही भीड़ ने जाम हटाया। शाम तक तुषार के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद कड़ी सुरक्षा में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
